जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता, 2036 ओलंपिक अभियान को मिलेगा बल

Share

जौनपुर। क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में ईसापुर स्थित बाबा जी के क्रीड़ांगन परिसर में बुधवार को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन एवं खेल गतिविधियों के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही नगर से जुड़े ब्लॉकों के बाद जिले के सभी 21 विकास खंडों में चरणबद्ध तरीके से कबड्डी प्रतियोगिताएं कराने की रणनीति पर भी सहमति बनी।

बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ एवं जिला संघचालक डॉ. सुभाष सिंह ने कहा कि क्रीड़ा भारती देश का प्रमुख राष्ट्रीय खेल संगठन है, जो स्वदेशी, पारंपरिक और आधुनिक खेलों के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन के माध्यम से देशभर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता अभियान और खेल संबंधी परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति से जुड़े खेलों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है और कबड्डी उनमें सबसे महत्वपूर्ण खेलों में से एक है।

डॉ. सुभाष सिंह ने बताया कि क्रीड़ा भारती द्वारा 2036 ओलंपिक कबड्डी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने के लिए देशभर में जनजागरण करना तथा गांव, तहसील और जिला स्तर पर पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन करना है। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक भागीदारी होगी, उतना ही इस खेल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।

जिला बाल कार्य प्रमुख नारायण चौरसिया ने कहा कि कबड्डी केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। इस अभियान से युवाओं का शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास होगा तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होगा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष राधेश्याम बाबा मौर्य ने सभी पदाधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना क्रीड़ा भारती का उद्देश्य है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. आदित्य निगम, जिला सह मंत्री मीरा अग्रहरि, कोषाध्यक्ष परशुराम, उपाध्यक्ष सुरेश यादव, आईटी सेल संयोजक डॉ. अरविंद गुप्ता, वीरेंद्र मौर्य, शशिकांत, ताइक्वांडो प्रशिक्षक अमन साहू, बागीश सिंह, सौम्या विश्वकर्मा, प्राची सिंह, अभी कुशवाहा, विनय यादव, कृष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने जिले में कबड्डी सहित पारंपरिक खेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल आयोजन का संकल्प लिया।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें