
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 5735 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

मड़ियाहूं। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के 12 निर्धारित केंद्रों पर चयन परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह रहा। केंद्रों पर निर्धारित समय से परीक्षार्थी पहुंचने लगे थे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का ध्यान रखा गया।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुदित सक्सेना ने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए कुल 10,078 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 5052 छात्राएं और 5026 छात्र शामिल थे। शनिवार को आयोजित परीक्षा में 2976 छात्र और 2759 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस प्रकार कुल 5735 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4343 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।








