
विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र को मिले योजनाओं का लाभ : ए.के. शर्मा

प्रभारी मंत्री ने प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में की विभागवार समीक्षा, जर्जर बिजली तार बदलने, जल जीवन मिशन में तेजी लाने और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दिए निर्देश
जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
जर्जर बिजली तार और खंभे शीघ्र बदलें
प्रभारी मंत्री ने विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर विद्युत तारों और खंभों को शीघ्र बदलने तथा खराब ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने को कहा। किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं को देखते हुए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विद्युत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी लिया।
सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाएं
नगर विकास विभाग की समीक्षा में मंत्री ने नगरीय निकायों को सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को भी स्वच्छ और उपयोग योग्य बनाए रखने को कहा, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

हर घर तक पहुंचे स्वच्छ पेयजल
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम की परियोजनाओं के कारण खोदी गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने को कहा।

किसानों को खाद, बीज और योजनाओं का लाभ मिले
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिले में बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना सहित किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने को कहा। धान खरीद की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त बोरों और किसानों के लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान डेंगू प्रभावित मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया।

सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त करने के निर्देश
मंत्री ने जिले में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। पुलिस विभाग को भी यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ें
प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता तथा समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
बैठक में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









