
अवध ओझा ने विद्यार्थियों को दिए यूपीएससी में सफलता के मंत्र

‘ज्ञान संवाद’ में बोले- लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी
जौनपुर। राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से शनिवार को जिला पंचायत भवन में यूपीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए विशेष शिक्षा सेमिनार ‘ज्ञान संवाद’ आयोजित किया गया। इसमें प्रख्यात शिक्षाविद एवं सिविल सेवा परीक्षा के मार्गदर्शक अवध ओझा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र बताए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के लिए केवल अधिक घंटे पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही रणनीति, विषयों की स्पष्ट समझ, नियमित अध्ययन और आत्ममूल्यांकन जरूरी है। उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा के पाठ्यक्रम और उसकी मांग को समझकर अध्ययन योजना बनाने की सलाह दी।
अवध ओझा ने प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी को एक समग्र प्रक्रिया के रूप में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने एनसीईआरटी एवं मानक पुस्तकों के अध्ययन, समसामयिक घटनाओं की जानकारी, नियमित रिवीजन, उत्तर लेखन और मॉक टेस्ट को तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखना चाहिए। धैर्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति ईमानदार प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।
कार्यक्रम में शिक्षाविद नमन जैन, चंद्रमौली चौधरी, कनिष्क शेखर और अमित पाठक ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सेमिनार में बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी और युवा उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।








