
जमीन की जोताई को लेकर सपा विधायक विजमा यादव से विवाद, पांच ग्रामीणों पर केस दर्ज

जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के खैरपारा गांव में जमीन की जोताई को लेकर प्रयागराज की प्रतापपुर विधानसभा सीट से सपा विधायक विजमा यादव और पांच ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विधायक ने आरोपितों पर जबरन जमीन पर कब्जा करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। विजमा यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में सियाराम यादव, प्रमोद, मनोज, प्रशांत और वंदना यादव को नामजद किया है। विधायक के मुताबिक, उन्होंने जनवरी 2026 में सुलेमा देवी से सवा दो बीघा जमीन का बैनामा कराया था। 27 नवंबर को वह जमीन की जोताई करा रही थीं। इसी दौरान पांचों लोग मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे। विधायक ने बताया कि विरोध करने वालों की आसपास कोई जमीन नहीं है। उन्होंने मारपीट की घटना से भी इनकार किया है। वहीं, ग्रामीणों ने विवाद की वजह जमीन के पुराने लेनदेन को बताया है। उनका कहना है कि सुलेमा देवी और सियाराम यादव के बीच पांच लाख रुपये का लेनदेन हुआ था। दोनों के बीच कथित तौर पर यह सहमति बनी थी कि रुपये वापस नहीं कर पाने की स्थिति में सुलेमा देवी संबंधित जमीन सियाराम यादव के नाम रजिस्ट्री कर देंगी। ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में सुलेमा देवी ने वही जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को बैनामा कर दी, जिसके चलते विवाद की स्थिति पैदा हुई। इस संबंध में थानाध्यक्ष सतेंद्र पटेल ने बताया कि विधायक की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








