
बच्चों के विवाद में ऑटो चालक पर हमला, लोहे की रॉड और पंच से सिर फोड़ा

जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने पावर हाउस के पास पड़ोसियों पर एक ऑटो चालक को घेरकर लोहे की रॉड और पंच से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घायल की पहचान मोहम्मद अरशद (35) पुत्र स्वर्गीय शमशाद, निवासी नूर का कुआं, भंडारी चौकी के पास के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे अरशद ऑटो चलाकर घर पहुंचे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पड़ोसी लालू ने करीब 10 से 15 लोगों के साथ मिलकर अरशद को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। अरशद का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और पंच से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और वह घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।








