
बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव निलंबित, मो. जावेद रजी को मिली जिम्मेदारी

जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव को प्रबंध समिति ने निलंबित कर दिया है। उनकी नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता से जुड़े मामलों में की गई जांच के बाद यह कार्रवाई हुई है। निलंबन के दौरान विद्यालय का कामकाज सुचारु रूप से संचालित करने के लिए वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनके हस्ताक्षरों को भी प्रमाणित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ओमनाथ बिंद ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्रमोद श्रीवास्तव की नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता को लेकर शिकायत की थी। शिकायत में वर्ष 1998 में प्रवक्ता (नागरिक शास्त्र) पद पर नियुक्ति एवं अनुमोदन, एमएससी (रसायन विज्ञान) की शैक्षिक अर्हता, 8 मार्च 2019 के विनियमितीकरण आदेश और 31 अगस्त 2019 को प्रधानाचार्य पद पर चयन सहित कई बिंदुओं पर सवाल उठाए गए थे।
मामले की जांच के लिए नामित अधिकारियों ने 10 अगस्त 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी। इसमें उपलब्ध दस्तावेजों और संबंधित पक्षों के जवाबों का परीक्षण किया गया। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि शिकायत के कुछ बिंदुओं पर प्रधानाचार्य की ओर से आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने 13 नवंबर को शिकायत के बिंदुओं पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में प्रबंध समिति ने 16 नवंबर 2026 को प्रस्ताव पारित कर प्रमोद श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। इसके अगले दिन 17 नवंबर को वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाने और उनके हस्ताक्षर प्रमाणित कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने 25 नवंबर को मो. जावेद रजी के हस्ताक्षर कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में प्रमाणित कर दिए। यह व्यवस्था प्रकरण का अंतिम निस्तारण होने तक विद्यालय के सभी कार्य नियमानुसार संचालित करने की शर्त पर की गई है।
झगड़ा छुड़ाने के विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद







