
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, हाईवे पर लगा जाम

जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के नेवादा गांव के पास रविवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। मृतक की पहचान जफराबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी राजकुमार यादव उर्फ काजू के रूप में हुई है। वह पंधारी यादव के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, राजकुमार बाइक से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान नेवादा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक समेत ट्रक के अगले पहिये के नीचे आ गए। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही लाइनबाजार और जफराबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और शव को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और परिजनों को घटना की सूचना दी गई। थाना प्रभारी दीनदयाल पांडेय ने बताया कि ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








