
कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, 50 हजार का सामान जलकर राख

जौनपुर। खेतासराय में नेशनल हाईवे-135ए पर पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार के अनुसार, इस घटना में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इकरार की पीएनबी के पास कबाड़ की दुकान है। शनिवार देर रात वह दुकान बंद कर घर पहुंच गए थे। इसी दौरान दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर पड़ोस में रहने वाले एक डॉक्टर ने फोन कर दुकानदार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही इकरार मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया। दमकलकर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कबाड़ जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार ने करीब 50 हजार रुपये की क्षति होने की बात कही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। दुकानदार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।








