
संविधान दिवस पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई गई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

जौनपुर। संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से पाठ कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा एवं उसके मूल आदर्शों को आत्मसात करने की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने के संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा देखा एवं सुना गया। इसी क्रम में जनपद की समस्त तहसीलों एवं विकास खंडों में भी संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, नगर मजिस्ट्रेट महीपाल सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।








