
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम : नगर मजिस्ट्रेट

कोटेदारों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और जनगणना-2027 में सहयोग की अपील
जौनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह ने प्रेक्षागृह में शहरी क्षेत्र के कोटेदारों के साथ बैठक की। उन्होंने कोटेदारों से अपने क्षेत्रों में पात्र युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि ऐसे युवक-युवतियां, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उनका मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र युवाओं के ऑनलाइन आवेदन कराने में सहयोग देने को कहा। साथ ही मतदाता सूची में किसी भी व्यक्ति का नाम दो बार दर्ज न होने देने और डुप्लीकेट प्रविष्टियों की पहचान कर नियमानुसार संशोधन कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची की अहम भूमिका होती है। इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना चाहिए, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने जनगणना-2027 के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कोटेदारों से जनगणना कार्य में सहयोग करने और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। साथ ही मोबाइल ऐप के माध्यम से स्व-जनगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया और उसकी बारीकियों के बारे में बताते हुए लोगों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करने को कहा। इस अवसर पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं सप्लाई इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव सहित शहरी क्षेत्र के कोटेदार उपस्थित रहे।








