
संविधान की प्रस्तावना का 2000 विद्यार्थियों ने किया सामूहिक वाचन

‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक
डीबीएस इंटर कॉलेज कादीपुर रामदयालगंज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर के तत्वावधान में संविधान दिवस पर ‘संविधान की प्रस्तावना, एक स्वर, एक संविधान’ विषय पर सामूहिक वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीबीएस इंटर कॉलेज कादीपुर रामदयालगंज में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि ने की। कार्यक्रम सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जेबा रऊफ की देखरेख में हुआ।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, सचिव जेबा रऊफ तथा जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य सुनील विश्वकर्मा ने जनपद न्यायाधीश और उपस्थित न्यायिक अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद सचिव जेबा रऊफ ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। उनके साथ जनपद न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक और लगभग 2000 छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान के समता, समानता और न्याय जैसे मूलभूत सिद्धांतों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है। समाज में न्याय, समरसता और बंधुत्व स्थापित करने के लिए संवैधानिक मूल्यों का पालन जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाकर जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया।
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगोली और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जनपद न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उपस्थित न्यायिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों और मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें संवैधानिक मूल्यों के सम्मान, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा।




















