
उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन बैंकों में आवेदन प्रेषित किए जाने के बावजूद भी लंबित हैं और जिनमें एक भी स्वीकृति की प्रगति नहीं है, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीडा क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्क की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अवशेष कार्य आगामी बैठक से पूर्व पूर्ण करा लिए जाएं। सीडा के उद्यमियों द्वारा क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट खराब होने की समस्या से अवगत कराए जाने पर संबंधित अधिकारियों को लाइटों की मरम्मत कराकर उन्हें शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सीडा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अगली बैठक से पूर्व सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में गोयंका होंडा, सिपाह के पास कूड़ा डंपिंग से संबंधित समस्या से अवगत कराया गया, इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। त्रिलोचन महादेव मंदिर क्षेत्र में विद्युत ट्रिपिंग एवं सड़क से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई एवं फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक में डिप्टी कमिश्नर इण्डस्ट्रीज आशुतोष पाठक, सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।








