
संविधान दिवस पर बयालसी पीजी कॉलेज में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

प्राचार्य प्रो. अलकेश्वरी सिंह ने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
जलालपुर, जौनपुर। संविधान दिवस के अवसर पर बयालसी पीजी कॉलेज, जलालपुर में गुरुवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार को भारतीय संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अलकेश्वरी सिंह के नेतृत्व में प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. अलकेश्वरी सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को अपने व्यवहार और जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
डॉ. जगत नारायण सिंह ने कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता का आधार है। संविधान में उल्लिखित अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों का भी विशेष महत्व है। युवाओं को संविधान की मूल भावना समझकर समानता, बंधुता और सहिष्णुता के मूल्यों को जीवन में अपनाना चाहिए। जागरूक और जिम्मेदार नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्रो. बृजेश कुमार मिश्र, प्रो. प्रतिभा सिंह, डॉ. अखिलेश चन्द्र सेठ, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सफीउल्लाह अंसारी, अजय कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प के साथ हुआ।








