
जलालपुर के साधन सहकारी गोदामों से डीएपी नदारद, खाद के लिए भटक रहे किसान

जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के साधन सहकारी गोदामों पर डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने से किसान परेशान हैं। गेहूं और सरसों की बुआई के समय किसान खाद के लिए गोदामों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
मुख्य साधन सहकारी गोदाम रेहटी के प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि गोदाम में डीएपी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने जल्द ही खाद की आपूर्ति होने की उम्मीद जताई। वहीं महिमापुर, हरीपुर और मईं सहित अन्य गोदामों पर ताले लटक रहे हैं। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
डीएपी नहीं मिलने पर किसान विकल्प के तौर पर जैविक खाद खरीद रहे हैं। करीब 1350 रुपये में मिलने वाली इस खाद का इस्तेमाल गेहूं और सरसों की बुआई में किया जा रहा है। चंवरी बाजार से कई किसानों ने जैविक खाद खरीदी है।
बीबनमऊ गांव के पूर्व प्रधान एवं किसान राजेश मिश्र ने बताया कि बुआई के महत्वपूर्ण समय में किसी भी गोदाम पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान बाजार से कम गुणवत्ता वाले उर्वरक खरीदने को मजबूर हैं और अधिकारियों की लापरवाही से परेशान हैं।








