
स्कूल की संपत्ति और धन हड़पने के आरोप में पांच लोगों पर एफआईआर का आदेश

जौनपुर। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत ने शाहगंज क्षेत्र के जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अर्गूपुर कला की संपत्ति और धन हड़पने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने शाहगंज कोतवाल को सात दिन के भीतर एफआईआर की कॉपी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र बहादुर सिंह ने अधिवक्ता इंदु प्रकाश चौबे और अभिषेक चतुर्वेदी के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें तत्कालीन बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य अमित कुमार सिंह, यूनियन बैंक बीबीगंज के प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव, स्कूल लिपिक जयप्रकाश यादव और जितेंद्र बहादुर सिंह को आरोपी बनाया गया है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर जाली दस्तावेजों के जरिए विद्यालय की संपत्ति हड़पी और मध्याह्न भोजन की धनराशि सहित स्कूल के अन्य पैसों का गबन किया। वादी ने 70 लाख रुपये से अधिक के गबन का आरोप लगाया है। साथ ही पूछताछ के दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। बैंक खाते के लेनदेन का विवरण मांगने पर जानकारी नहीं देने की बात भी कही गई।
इस मामले में 10 दिसंबर 2025 को मजिस्ट्रेट अदालत ने प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ वादी ने सेशन कोर्ट में निगरानी याचिका दाखिल की। दो सितंबर 2026 को सेशन कोर्ट ने पूर्व आदेश निरस्त कर नए सिरे से सुनवाई का निर्देश दिया। इसके बाद सीजेएम अदालत ने शाहगंज पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।








