
जौनपुर सिटी स्टेशन पर मिला बैग और लैपटॉप यात्री को लौटाया

जीआरपी पुलिस ने यात्री की पहचान कर सुरक्षित सामान किया सुपुर्द, बैग पाकर जताया आभार
जौनपुर। छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत जीआरपी पुलिस को प्लेटफार्म नंबर एक पर एक लावारिस बैग मिला। जांच और संपर्क के बाद पुलिस ने बैग के वास्तविक मालिक की पहचान कर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया। बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप भी रखा हुआ था।
जीआरपी पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को एक अज्ञात बैग दिखाई दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बैग के मालिक की तलाश शुरू की। उचित माध्यम से संपर्क कर बैग धारक रमेश कुमार प्रजापति पुत्र उमालाल प्रजापति निवासी ग्राम दरियापुर, पोस्ट भादी, थाना मार्टिनगंज, जनपद आजमगढ़ को जीआरपी थाना बुलाया गया।
थाने पहुंचने पर रमेश कुमार प्रजापति को बैग और उसमें रखे एचपी लैपटॉप की पहचान कराई गई। उन्होंने सामान को अपना बताया। इसके बाद पुलिस ने बैग और लैपटॉप को सही सलामत उनके सुपुर्द कर दिया। अपना सामान वापस पाकर रमेश कुमार काफी प्रसन्न हुए। उन्होंने जीआरपी पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार जताया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी जीआरपी जौनपुर सिटी उपनिरीक्षक रवींद्र पटेल, हेड कांस्टेबल विजय कुमार सोनकर, हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव और कांस्टेबल रामप्रवेश शामिल रहे।


















