
बीबी फातिमा ज़हरा (स.अ) की सीरत हर दौर की महिलाओं के लिए रौशनी है : मौलाना डॉ.अबूज़र रिज़वी

अय्याम-ए-फातिमिया की अलविदाई मजलिस को बिहार से आये मौलाना डा अबूज़र रिज़वी ने खिताब किया शबीहे अलम व ताबूत बरामद हुआ, अंजुमन मज़लूमिया ने किया नौहा-मातम
जौनपुर। नगर के ख्वाजादोस्त स्थित इमामबाड़ा मीर सखावत हुसैन में आयोजित तीन दिवसीय अय्याम-ए-फातिमिया की अलविदाई मजलिस को खिताब करते हुए पटना यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर मौलाना डॉ. अबूज़र रिज़वी ने कहा कि बीबी फातिमा ज़हरा (स.अ.) की सीरत हर दौर की महिलाओं के लिए रौशनी और रहनुमाई का ज़रिया है। उनकी पाकीज़ा ज़िंदगी त्याग, सब्र, सादगी, हया और खुद्दारी की बेहतरीन मिसाल है। मौलाना डॉ. अबूज़र रिज़वी ने कहा कि बीबी फातिमा ज़हरा (स.अ.) का मुकद्दस जीवन सिर्फ धार्मिक लिहाज़ से ही नहीं, बल्कि अखलाकी और सामाजिक ऐतबार से भी पूरी इंसानियत के लिए एक बेहतरीन नमूना है। उनकी ज़िंदगी से औरतों को इज्जत, खुद्दारी, अपने हक़ की पहचान, इल्म और सच्चाई के रास्ते पर चलने का पैगाम मिलता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब महिलाओं के किरदार और उनके सम्मान की बात होती है, तो बीबी फातिमा ज़हरा (स.अ.) की तालीमात और उनकी सीरत की अहमियत और भी बढ़ जाती है। उनकी ज़िंदगी हमें सिखाती है कि एक महिला अपने इल्म, अच्छे किरदार, हौसले और बुलंद अखलाक के ज़रिये न सिर्फ अपने घर, बल्कि पूरे समाज को बेहतर रास्ता दिखा सकती है। मौलाना ने कहा कि बीबी फातिमा ज़हरा (स.अ.) की सीरत पर अमल करना ही उनके प्रति सच्ची अकीदत और एहतराम का बेहतरीन तरीका है। उनकी तालीमात को नई नस्ल तक पहुंचाना आज के दौर की अहम जरूरत है। उनका किरदार सदियों तक महिलाओं को इज्जत, हिम्मत, सब्र और सच्चाई की राह दिखाता रहेगा। मजलिस के इख्तिताम पर शबीहे अलम और ताबूत-ए-बीबी फातिमा ज़हरा (स.अ.) बरामद हुआ। इस मौके पर अंजुमन मज़लूमिया ने नौहा वा मातम किया














