
शाही पुल पर पोस्टर-बैनर का कब्जा, ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण पर उठे सवाल

जौनपुर। ऐतिहासिक शाही पुल छठ पूजा के दौरान पोस्टर और बैनर से पटा नजर आया। शहर की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले इस पुल की दीवारों पर प्रचार सामग्री लगाए जाने से धरोहरों के संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्टर-बैनर से ढके शाही पुल का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और महिला मतदाताओं को आकर्षित करने की राजनीतिक कवायद से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
लोगों का सवाल है कि ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और संबंधित विभागों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी? आखिर किसकी अनुमति से ऐतिहासिक पुल की दीवारों पर पोस्टर-बैनर लगाए गए?
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस मामले में संज्ञान लेकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं या ऐतिहासिक धरोहरों की अनदेखी का सिलसिला जारी रहता है।








