
‘विकसित भारत’ के संकल्प से गूंजा पीयू

भाषण प्रतियोगिता में अभिनव कीर्ति पांडेय प्रथम
सेवा संकल्प अभियान के तहत 53 छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए विचार
जौनपुर। प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में 29 सितंबर को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. आर. के. सिंह के दिशा-निर्देशन में प्रतियोगिता विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित हुई।
प्रतियोगिता में ‘विकसित भारत की संकल्पना’ तथा ‘सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं’ विषय निर्धारित किए गए थे। विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विकसित भारत की परिकल्पना, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का उद्घाटन छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. विशाल यादव एवं डॉ. अजय मौर्य शामिल रहे। प्रतिभागियों के भाषण की विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, तार्किकता, भाषा एवं अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में अभिनव कीर्ति पांडेय ने प्रथम, वैष्णवी त्रिपाठी ने द्वितीय तथा मनीष जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल 53 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका, नागरिक जिम्मेदारियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को सार्वजनिक मंच पर अपनी अभिव्यक्ति और विचार रखने का अवसर प्रदान किया।








