
कभी भी ढह सकता है सेंवई नाले का जर्जर पुल, आर-पार बने गड्ढे

खुटहन (जौनपुर)। खुटहन-पट्टी नरेंद्रपुर बाजार होते हुए सुल्तानपुर जिले के करौंदी बाजार को जोड़ने वाले मार्ग पर शेरपुर छित्तूपुर बाजार के पास सेंवई नाले पर बना जर्जर पुल हादसे को दावत दे रहा है। करीब 49 वर्ष पुराने इस पुल में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। दो स्थानों पर पुल के आर-पार गड्ढे बन गए हैं, जबकि किनारे की मिट्टी भी तेजी से नीचे की ओर दरक रही है। ऐसे में किसी भी समय पुल के क्षतिग्रस्त होकर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल का निर्माण वर्ष 1973 में तत्कालीन कैबिनेट मंत्री स्व. लक्ष्मीशंकर यादव के कार्यकाल में लोक निर्माण विभाग ने कराया था। जौनपुर और सुल्तानपुर जिले को जोड़ने वाले इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए राहगीरों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से पुल का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कराने अथवा नया पुल बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की तंद्रा भंग होगी।








