
जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण, बैरकों की सघन तलाशी में नहीं मिली प्रतिबंधित वस्तु

जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को जिला कारागार का संयुक्त रूप से त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जिला कारागार की विभिन्न बैरकों का निरीक्षण करने के साथ आवश्यकतानुसार सघन तलाशी कराई। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई। पाकशाला के निरीक्षण के दौरान बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली गई। इसके बाद जेल अस्पताल का निरीक्षण कर भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कारागार में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को बंदियों की समस्याओं का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनपद न्यायाधीश ने कारागार प्रशासन को बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा न्यायालयों में लंबित मामलों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने, बैरकों एवं परिसर की नियमित सघन तलाशी कराने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, उपायुक्त उद्योग एवं सेवायोजन अधिकारी सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








