
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को बूथों पर उमड़े लोग, जिले में लगे विशेष शिविर

जौनपुर। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। जिले के 4,080 मतदेय स्थलों और 2,156 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने पहुंचे। इससे पहले शनिवार के साथ 21 और 22 नवंबर को भी विशेष शिविर लगाए गए थे। अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि सहित अन्य जानकारियों में त्रुटि सुधारने की सुविधा भी दी जा रही है। मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) लोगों से आवेदन लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
तीन तरह के फॉर्म से हो रहा आवेदन
मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मृतक और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाया जा रहा है। बीएलओ लोगों को आवेदन की प्रक्रिया और जरूरी जानकारियों के बारे में भी बता रहे हैं। नईगंज मतदान केंद्र पर पहुंचीं तारापुर कॉलोनी निवासी साहिबा ने बताया कि उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज हैं। अब वह अपना नाम भी सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन करने पहुंची हैं। वहीं, अरुण कुमार पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने पहुंचे। उन्होंने बताया कि विशेष शिविरों के माध्यम से नाम जुड़वाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा आसान हुई है। उधर, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और बीएलओ को पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दे रहे हैं।








