
आवारा पशुओं का आतंक, फसल बचाने के लिए रातभर खेतों में पहरा दे रहे किसान

जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के बदलापुर खुर्द समेत आसपास के कई गांवों में आवारा पशुओं का आतंक किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। पशुओं के झुंड खेतों में घुसकर गेहूं, आलू, सरसों और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बचाने के लिए किसानों को कड़ाके की ठंड और खराब मौसम के बीच रातभर खेतों में जागकर रखवाली करनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि दिनभर खेतों में मेहनत कर फसल तैयार करने के बाद रात में भी उन्हें चैन नहीं मिल रहा है। अंधेरा होते ही आवारा पशुओं के झुंड खेतों की ओर पहुंच जाते हैं। उन्हें भगाने के लिए किसान रातभर खेतों में पहरा देते हैं। कई बार पूरी रात निगरानी के बावजूद पशु खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा देते हैं। किसानों के मुताबिक, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और ऊपर से आवारा पशुओं के कारण फसल बर्बाद होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। छोटे और सीमांत किसानों के सामने यह समस्या और गंभीर हो गई है। किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की जरूरत जताई है।








