
जौनपुर में चाइनीज मांझे का कहर: बाइक सवार युवक की गर्दन कटी

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। विशेषरपुर के पास अचानक हवा में उड़ रहा मांझा युवक की गर्दन में फंस गया। धारदार मांझे से गर्दन कटने के बाद युवक लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हमदरवाजा निवासी अब्दुल खालिद (32), पुत्र मोहम्मद जब्बार, मंगलवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे बाइक से अपने गैराज जा रहे थे। वह जैसे ही विशेषरपुर के पास पहुंचे, तभी अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में आकर फंस गया। मांझे की धार से उनकी गर्दन पर गहरा कट लग गया और वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद तुरंत उपचार शुरू किया और गर्दन पर कई टांके लगाए। समय रहते अस्पताल पहुंचने से युवक को उपचार मिल गया। फिलहाल उसकी हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।








