
UP News: आजमगढ़ पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, विनोद राय की दिवंगत मां को दी श्रद्धांजलि; 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

- केशव प्रसाद मौर्य ने जीवली गांव पहुंचकर जमुता देवी को श्रद्धांजलि दी।
- डिप्टी सीएम ने सपा पर गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
- भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था और अपराध के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख किया।
- 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए 300+ सीटों का लक्ष्य बताया।
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बरदह क्षेत्र के जीवली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की दिवंगत मां जमुता देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। केशव मौर्य ने जमुता देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माता जमुता देवी का आशीर्वाद परिवार को हमेशा सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करता रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासनकाल में गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला, जबकि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।
केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा में चोर, गुंडे और बदमाशों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

2027 चुनाव पर केशव मौर्य का दावा
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 में भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
जौनपुर में आज से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गोमती घाट पर जलेंगे 25 हजार दीप, होगा लेजर लाइट शोकेशव प्रसाद मौर्य ने यह भी कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में आजमगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उनके इस बयान के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्रीय राजनीतिक गतिविधियों और भाजपा के संगठनात्मक प्रयासों पर चर्चा तेज हो गई है।







