
यूपी पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में श्रद्धा ने जीता रजत

खुटहन (जौनपुर)2 नवंबर भटौली गांव निवासी बृजेश पाण्डेय की पुत्री श्रद्धा पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश पुलिस की वार्षिक खेल प्रतियोगिता के तहत लखनऊ में आयोजित यूपी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
श्रद्धा ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने बड़े भाइयों शनि पाण्डेय और शुभम पाण्डेय को दिया। कहा कि भाइयों का निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास उनकी सफलता की राह में प्रेरणास्रोत रहा है।
श्रद्धा की सफलता पर स्वजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।








