
जौनपुर में यातायात माह का शुभारंभ, एसएसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

जौनपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन जौनपुर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जनपद के प्रमुख चौराहों, स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचकर लोगों तथा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेगी। रैली के माध्यम से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही सड़क पर स्टंटबाजी से दूर रहने की अपील की जाएगी।
यातायात माह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने और स्टंटबाजी करने वालों का चालान करने के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख कस्बों, बाजारों और संकरे मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के साथ लोगों को जाम से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी यातायात सहित पुलिस एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और आमजन मौजूद रहे। जौनपुर पुलिस ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने की अपील की।








