
अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का वांछित सदस्य गिरफ्तार, बिहार का रहने वाला है आरोपी

जौनपुर। सुजानगंज थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह के एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी रौजा निवासी रंजीत कुमार शर्मा (32) पुत्र जयमंगल शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध असलहा तस्करी गिरोह के सरगना शुभम सिंह के लिए काम करता था। वह अपने सहयोगियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार में अवैध असलहों एवं कारतूसों की आपूर्ति करता था। इस अवैध कारोबार से आर्थिक और भौतिक लाभ प्राप्त करता था।
एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।








