
Jaunpur News : दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए स्नेह जरूरी: अमित सिंह

बीआरसी सिकरारा में अभिभावक परामर्श गोष्ठी आयोजित, बांटे गए प्रमाण पत्र
सिकरारा। समग्र शिक्षा अभियान के तहत बीआरसी प्रांगण में दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों के लिए परामर्श गोष्ठी एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज के विशेष प्रेम और स्नेह की आवश्यकता है। सरकार इन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराएं, ताकि उन्हें वहां विशेष शिक्षकों से ‘सपोर्टिव सुपरविजन’ मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे रिसोर्स पर्सन विवेक सिंह ने सरकारी सुविधाओं के लिए ‘दिव्यांग प्रमाण पत्र’ को अनिवार्य बताया। विशेष शिक्षक दीपक राव ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक की दिव्यांग बालिकाओं को 2000 रुपये स्टाइपेंड व बालकों को 6000 रुपये एस्कॉर्ट भत्ता दिया जाता है। यूडीआईडी कार्ड से सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा भी संभव है। इस दौरान रामजीत मौर्य, विवेक कुमार, विजय सिंह और रुचि यादव ने भी दिव्यांग बच्चों के अधिकारों व बचाव पर संक्षेप में प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि अमित सिंह के हाथों से उपस्थित लगभग 50 अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।








