
युवा शक्ति का संगठित होना समय की मांग, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से बनेगा सशक्त भारत : धनंजय सिंह

सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रवादी नौजवान सभा द्वारा लगातार 3 वर्षों से आयोजित की जा रही भव्य ‘जन एकता यात्रा’ इस वर्ष भी उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ जौनपुर में संपन्न हुई। राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक एवं पूर्व सांसद धनंजय सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’सहित युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता रही।



मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज से प्रारंभ हुई यह यात्रा चहारसू चौराहा, ओलंदगंज चौराहा, जेसीज चौराहा एवं टी.डी. कॉलेज होते हुए महाराणा प्रताप व्यायामशाला पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर धनंजय सिंह ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जब युवा संगठित, जागरूक और अपने विचारों के प्रति प्रतिबद्ध होते हैं, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार होती है। जन एकता यात्रा का उद्देश्य युवाओं को एक मंच पर जोड़ना, समाज में भाईचारे एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विचार केवल नारों तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि हमारे आचरण, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र के प्रति समर्पण में दिखाई देने चाहिए। एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों को अपनाना होगा। नशामुक्त युवा, जागरूक समाज और संगठित राष्ट्र ही सशक्त भारत की आधारशिला हैं।
उन्होंने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं, समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखते हुए संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप आगे बढ़ना ही हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
धनंजय सिंह ने यात्रा में शामिल विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ सभी युवाओं, वरिष्ठजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवा शक्ति को एकजुट करने, राष्ट्रहित के प्रति संकल्पित करने और सामाजिक बदलाव की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प है।














