जौनपुर। जौनपुर के शारदा इंटरनेशनल स्कूल, सुइथाकला ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित की है। स्कूल के तीन विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस सफलता के साथ शारदा इंटरनेशनल स्कूल ग्रामीण अंचल के सबसे सफल शिक्षण संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान बनाने में सफल रहा है।नीट परीक्षा में सफलता पाने वाले छात्रों को स्कूल प्रांगण में को सम्मानित किया गया।

स्कूल के छात्र अंसारी अब्दुल रहमान अंसारी अहमद ने 720 में 605 अंक, असमर खान ने 583 अंक तथा फराज खान ने 430 अंक हासिल कर मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। छात्रों की सफलता पर पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के चेयरमैन आई.बी. सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि “सफलता का सबसे बड़ा आधार अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन होता है। शारदा इंटरनेशनल स्कूल में हम शुरुआत से ही बच्चों के अंदर अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
उन्होंने कहा, “ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का माहौल देना हमारी प्राथमिकता है। हमारे शिक्षक हर बच्चे पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देते हैं और लगातार उसे मोटिवेट करते हैं। यही कारण है कि हमारे छात्र हर वर्ष विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।”

विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने बताया कि शारदा इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि शुरुआत से ही उनका लक्ष्य तय कर उन्हें लगातार प्रेरित किया जाता है। नियमित टेस्ट, विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन, व्यक्तिगत काउंसिलिंग और अनुशासित माहौल के कारण छात्र बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रिंसिपल ने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि बच्चों के अंदर बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास विकसित करना है। स्कूल में शुरुआती कक्षाओं से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक किया जाता है। यह सफलता पूरे स्टाफ, अभिभावकों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। हमें गर्व है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे आज राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं।”

छात्र अंसारी अब्दुल रहमान अंसारी अहमद (605 अंक) ने बताया कि “मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल को देता हूं। स्कूल में शुरू से मिला मार्गदर्शन और लगातार मोटिवेशन ने मुझे कभी हार नहीं मानने दी।” “नियमित पढ़ाई, टेस्ट और शिक्षकों की सलाह ने मेरी तैयारी को मजबूत बनाया। मेरा सपना एक अच्छा डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।”
छात्र असमर खान (583 अंक) ने कहा “शारदा इंटरनेशनल स्कूल ने हर कदम पर मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया। यहां पढ़ाई के साथ समय प्रबंधन और अनुशासन भी सिखाया गया, जिसका लाभ NEET की तैयारी में मिला।” “मेरी सफलता में परिवार और शिक्षकों का सबसे बड़ा योगदान है। मैं आगे भी पूरी मेहनत के साथ मेडिकल की पढ़ाई करूंगा।”

छात्र फराज खान (430 अंक) ने बताया कि “NEET जैसी कठिन परीक्षा में सफलता आसान नहीं होती, लेकिन स्कूल के शिक्षकों ने हर विषय को सरल तरीके से समझाया और हमेशा प्रोत्साहित किया।” “मैं सभी जूनियर छात्रों से कहना चाहता हूं कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।” विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर डॉ अजय प्रजापति, अवनीश शुक्ला, रिया सिंह, राघवेंद्र कुमार पांडेय, दिनेश सिंह नायक, अजय सिंह, शैलेश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


