करंजाकला। थाना क्षेत्र के पोटारिया गांव के पास रविवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में जेसीबी मशीन के पीछे लगे फावड़े (बकेट) की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। पांच माह की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, सिकरौरा निवासी मोहम्मद आसिफ (23) पुत्र स्वर्गीय तुफैल बचपन से ही अपने ननिहाल में मामा रफीक के घर रहकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह वह किसी काम से गाभिरन गया था। वहां से लौटते समय टिकरी मोड़ के पास सड़क निर्माण कार्य कर वापस लौट रही जेसीबी मशीन के पीछे निकले फावड़े की चपेट में आ गया। फावड़ा उसके सिर और सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां याशमीन और पत्नी सिम्पा का रो-रोकर बुरा हाल है। आसिफ तीन भाइयों और चार बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पांच माह की एक मासूम बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
सूचना मिलने पर सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन को कब्जे में लेने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


