जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव (सिरकोनी) में कक्षा-2 के छात्र के कक्षा में बंद रह जाने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापिका कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बीईओ सिरकोनी की रिपोर्ट के अनुसार, 17 जुलाई को सोशल मीडिया और ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि छात्र विपिन निषाद विद्यालय की कक्षा में बंद रह गया है। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों से पूछताछ की, जिसमें प्रथम दृष्टया घटना सही पाई गई।
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद बीएसए ने संबंधित शिक्षिका को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांव से संबद्ध किया गया है। बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।


