जौनपुर, 19 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भू-जल सप्ताह-2026 के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि भू-जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देते हुए विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि तालाबों के संरक्षण, अमृत सरोवरों के सुदृढ़ीकरण तथा रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से ही भू-जल स्तर में सुधार संभव है। सभी नए सरकारी भवनों में वर्षा जल संचयन प्रणाली अनिवार्य रूप से स्थापित करने तथा पुराने भवनों में भी इसे बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों के पार्कों में उपचारित जल से सिंचाई, औद्योगिक इकाइयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल पुनर्चक्रण और अधिकाधिक वृक्षारोपण पर भी जोर दिया। बैठक के अंत में अधिकारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और आमजन से जल की प्रत्येक बूंद बचाने तथा वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की गई।


