• Thu. Jul 2nd, 2026

    समाज कल्याण विभाग के छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

    Share

    जौनपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने बताया कि जनपद के राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास पीलीकोठी, हुसेनाबाद (डोभी) तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित बालक एवं बालिका छात्रावासों में पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क आवास सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

    उन्होंने बताया कि छात्रावास में प्रवेश के लिए वही छात्र-छात्राएं पात्र होंगे, जो समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर के अन्य विभागों द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए पात्र हैं। कुल सीटों में 70 प्रतिशत स्थान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत सीटों पर अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रवेश में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

    जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार छात्रावास में प्रवेश छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक योग्यता, उच्च शिक्षा की प्राथमिकता, मूल निवास स्थान की दूरी तथा अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। सामान्य वर्ग के पात्र विद्यार्थियों के लिए आर्थिक स्थिति को प्राथमिकता का आधार बनाया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं 31 जुलाई 2026 तक समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट upswdhms.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8795663154, 9795112861 एवं 8726969979 पर संपर्क किया जा सकता है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *