• Thu. Jul 2nd, 2026

    21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत, समझौते से होगा लंबित मामलों का निस्तारण

    Share

    जौनपुर। न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी, सुलभ और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सिविल जज (सीडी)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर सुशील कुमार सिंह ने दी।

    उन्होंने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत में ऐसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा, जो सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं और जिनमें आपसी समझौते की संभावना है।

    उन्होंने कहा कि “समाधान समारोह-2026” का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सरल और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना भी है। इस पहल से लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

    सचिव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा तालुका विधिक सेवा समितियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर बैठकें, जागरूकता कार्यक्रम और समन्वय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

    उन्होंने बताया कि मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशन में पूरे देश में संचालित “समाधान समारोह-2026” के तहत विशेष लोक अदालत अभियान का उद्देश्य आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का शांतिपूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *