
पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, बड़ा भाई घायल

खालिसपुर गांव में वारदात से मचा हड़कंप, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में 24 वर्षीय अवधेश पाठक की मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई देवेश पाठक घायल हो गए। घटना से गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय अनिल पाठक के पुत्र अवधेश पाठक अपने बड़े भाई देवेश के साथ सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार-पांच लोगों ने दोनों भाइयों पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को लहूलुहान हालत में 108 एंबुलेंस से बदलापुर अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अवधेश पाठक को मृत घोषित कर दिया।
देवेश पाठक के हाथ और सिर में चोटें आई हैं। उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। मृतक अवधेश अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक बच्चा अभी गोद में है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।








