
पिलकिछा घाट पर आज श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर होगा स्नान दान
खुटहन (जौनपुर) 24 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को गोमती नदी के पिलकिछा घाट पर सैकड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करेंगे। स्नान के बाद श्रद्धालु घाट के समीप स्थित भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और बजरंगबली के मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसी के साथ यहां का ऐतिहासिक साप्ताहिक मेला भी शुरू हो जाएगा। यह मेला कृषि उपकरणों और मिट्टी के बर्तनों के लिए प्रसिद्ध है। मेले में पांच किलोग्राम तक के गट्टे विशेष आकर्षण का केंद्र होते हैं।
किंवदंती है कि लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से वानर सेना के साथ अयोध्या लौट रहे थे। इसी दौरान उनका विमान कुछ क्षणों के लिए पिलकिछा घाट पर उतरा था। यहां भगवान श्रीराम और उनकी सेना ने गोमती नदी में स्नान कर उसका पवित्र जल ग्रहण किया था। तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर यहां स्नान-दान की परंपरा चली आ रही है।
हालांकि, बुजुर्गों का कहना है कि पुष्पक विमान के यहां उतरने का उल्लेख किसी धार्मिक ग्रंथ में नहीं मिलता, लेकिन उनके पूर्वजों से चली आ रही इस मान्यता पर लोगों की गहरी आस्था है।








