
श्रद्धा और विश्वास का सम्मिलन ही शिव-पार्वती विवाह : अनिल पाण्डेय

शिव विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, आकर्षक झांकी ने मोहा मन
चौकियां धाम (जौनपुर)। शीतला चौकियां धाम क्षेत्र के रामदासपुर नेवादा में चल रही सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के छठवें दिन वाराणसी से पधारे कथावाचक डॉ. अनिल पाण्डेय मानस वत्सल महाराज ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि महादेव शिव विश्वास के प्रतीक हैं, जबकि माता पार्वती श्रद्धा का प्रतीक हैं। श्रद्धा और विश्वास का सम्मिलन ही शिव-पार्वती विवाह है।
प्रवचन के दौरान उन्होंने कहा कि जो अपमान में भी सम्मान की भावना देखता है, उसे देव नहीं बल्कि महादेव कहा जाता है। शिवजी विवाह के लिए हिमालय के घर जाते हैं, लेकिन उनका ध्यान अपने घर कैलाश की ओर भी रहता है। इससे सीख मिलती है कि विवाह के बाद भी व्यक्ति को अपने परिवार और जिम्मेदारियों को नहीं भूलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अमर होने के लिए अमृत पीने वाला देव कहलाता है, लेकिन लोककल्याण के लिए हलाहल विष का पान करने वाला महादेव कहलाता है। कथा के अंत में आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर शिवांशु श्रीवास्तव, मोहित जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, चंद्रचारु जायसवाल, अमन श्रीवास्तव, कृपाशंकर श्रीवास्तव, हरिशंकर श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव, शंभूनाथ गुप्ता, प्रवेंद्र उपाध्याय, शशांक त्रिपाठी, दीपक श्रीवास्तव समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के समापन पर आरती-पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया। कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चल रही है।








