
पुलिस लाइन्स में हुई वृहद ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले से लेकर राहत-बचाव तक का किया गया अभ्यास

जौनपुर। पुलिस लाइन्स में रविवार शाम नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से वृहद ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, ड्रोन निष्क्रिय करने, आग बुझाने और घायलों को सुरक्षित निकालने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल की शुरुआत शाम छह बजे हुई। पांच मिनट बाद हवाई हमले का रेड अलर्ट जारी किया गया। दो मिनट तक सायरन बजाया गया और निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने पुलिस के सहयोग से लोगों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। इसके बाद दुश्मन के ड्रोन को निष्क्रिय करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास के दौरान अग्निशमन दल ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों से लगी आग बुझाने का प्रदर्शन किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, पट्टी बांधने और स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस तक पहुंचाने का अभ्यास किया। इसके अलावा ऊंची इमारत से जाल के सहारे लोगों को उतारने, दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे व्यक्ति को निकालने तथा दीवार काटकर मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।
मॉक ड्रिल में पुलिस, प्रशासन, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महिपाल सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखना और उनके बीच समन्वय मजबूत करना है। ऐसे अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय जन-धन की हानि कम करने और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से आपातकालीन स्थिति में धैर्य बनाए रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चंद तिवारी, चीफ वार्डन नागरिक सुरक्षा डॉ. मनोज वत्स, पुलिस लाइन के आरआई डी.डी. दीक्षित सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।








