
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम दूसरे और पुरुष हैंडबॉल टीम तीसरे स्थान पर

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को दी बधाई, बेहतर प्रदर्शन के लिए की सराहना
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की महिला हॉकी और पुरुष हैंडबॉल टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। महिला हॉकी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता में टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन संबलपुर विश्वविद्यालय, ओडिशा द्वारा किया गया था। इसमें पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी द्वारा किया गया, जिसमें पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
दोनों टीमों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना से यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी उत्साह और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।







