
कौशाम्बी में हाईवे पर लीक हुआ ओलियम एसिड से भरा टैंकर, सड़क से उठने लगा धुआं

कौशाम्बी। जिले में नेशनल हाईवे-19 पर ओलियम एसिड से भरा एक टैंकर लीक होने से हड़कंप मच गया। टैंकर से खतरनाक रसायन सड़क पर बहने लगा, जिसके बाद हाईवे पर धुआं उठने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, टैंकर मलवा से बिहार के नालंदा जा रहा था। इसी दौरान सैनी थाना क्षेत्र के कनवार बॉर्डर के पास टैंकर से ओलियम एसिड का रिसाव होने लगा। सड़क पर रसायन फैलने और धुआं उठने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए टैंकर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ओलियम एसिड एक अत्यंत संक्षारक रसायन है, जो त्वचा, आंखों और सांस लेने की प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। ऐसे में घटनास्थल पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
घटना सैनी थाना क्षेत्र के एनएच-19 स्थित कनवार बॉर्डर की है।








