
पुराने विवाद में युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला, तीन पर मुकदमा

जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील के बरसठी थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में विनोद पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की मां की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तुलसीपुर गांव निवासी प्यारी देवी पत्नी स्वर्गीय रामजीत पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे उनके बड़े बेटे महेंद्र पटेल का धीरेंद्र तिवारी से विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर वंशराज तिवारी उर्फ वंशबहादुर तिवारी, उसके बेटे धीरेंद्र तिवारी और लकी तिवारी कथित तौर पर लाठी-डंडे, चाकू और ईंट-पत्थर लेकर उनके घर पहुंच गए।
आरोप है कि तीनों ने उनके छोटे बेटे विनोद पटेल पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। शोर सुनकर अवनीश पटेल, सूरज पटेल समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि प्यारी देवी की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 0392/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 118(2), 352 और 351(3) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








