
जफराबाद में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, बिना पुलिस सूचना अंतिम संस्कार का आरोप

- नासही मोहल्ले में 18 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला।
- परिजनों के डांटने के बाद घटना होने की बात सामने आई, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
- पुलिस को सूचना दिए बिना शव उतारकर अंतिम संस्कार की तैयारी का आरोप।
- पुलिस की कार्यप्रणाली और बिना जांच अंतिम संस्कार को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए।
जौनपुर।जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला नासही में बुधवार शाम 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव घर की ऊपरी मंजिल स्थित एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दिए बिना शव को उतारकर अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि युवती किसी युवक से बातचीत करती थी, जिसको लेकर घरवालों ने उसे डांटा था। परिजनों के अनुसार, करीब तीन बजे के आसपास युवती ने फांसी लगा ली, लेकिन उस समय घरवालों को इसकी जानकारी नहीं हुई। शाम को जब खाना बनाने के लिए उसे तलाश किया गया तो ऊपरी मंजिल के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी फैलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि परिजनों ने लोगों को घर के अंदर जाने और शव देखने से रोक दिया। इसके बाद बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवती का घर पुलिस चौकी से करीब 100-125 मीटर की दूरी पर है, फिर भी पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान नहीं लिया। बिना पंचनामा और पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है और गणपति पंडाल का साउंड सिस्टम भी बंद कर दिया गया। मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।












