
सहारनपुर में डिप्टी कमिश्नर के घर पिस्टल लेकर पहुंचा नकाबपोश, पत्नी-बेटी को बंधक बनाने का प्रयास

- डिप्टी कमिश्नर के घर पिस्टल लेकर पहुंचा नकाबपोश युवक।
- पत्नी और बेटी को कथित तौर पर पिस्तौल के बल पर बंधक बनाने का प्रयास।
- परिजनों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार।
- सदर बाजार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। थाना सदर बाजार क्षेत्र की हसनपुर चौकी क्षेत्र में सेल टैक्स विभाग के डिप्टी कमिश्नर के घर एक नकाबपोश युवक कथित तौर पर पिस्टल लेकर पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने डिप्टी कमिश्नर की पत्नी और बेटी को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, डिप्टी कमिश्नर सहारनपुर की पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी की एक बिल्डिंग में किराए के मकान में रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि नकाबपोश युवक हाथ में पिस्टल लेकर उनके घर पहुंचा और परिजनों को धमकाते हुए उन्हें अपने कब्जे में लेने की कोशिश की।
घर में मौजूद डिप्टी कमिश्नर की पत्नी और बेटी ने जब शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
डिप्टी कमिश्नर ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












