जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने रविवार को नगर पंचायत कचगांव में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीसी रोड, सीसी नाला, डिजिटल लाइब्रेरी और पेयजल से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीएमवाई योजना के अंतर्गत गोल कोठी के पास संचालित होने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टाफ की नियुक्ति कर लाइब्रेरी को शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए। माधोपट्टी गेट के पास बनी लाइब्रेरी में खिड़की की फिटिंग दुरुस्त कराने के साथ ही चारों तरफ बाउंड्रीवाल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी में अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी बेहतर करने को कहा।

नाला निर्माण एवं प्रत्येक घर को नाली से जोड़ने की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मझलेपुरा नाला से सभी घरों को जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माधोपट्टी में सीसी रोड के निरीक्षण के दौरान कार्य में कमी पाए जाने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा अंतिम बिल से आवश्यक कटौती करने के निर्देश दिए।
पेयजल योजना के तहत कराए गए सभी रिबोर कार्यों की जीपीएस फोटो के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही अन्य नालों का निर्माण सीसी के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराए जाएं, ताकि उनका लाभ आम जनता को मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ठ, अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
