• Sat. Sep 5th, 2026

    शाहगंज तहसील में समाधान दिवस, 189 शिकायतें पहुंचीं

    Share

    जौनपुर। तहसील शाहगंज के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

    ग्राम हमजापुर निवासी संजय कुमार ने दबंगों द्वारा पक्की नाली तोड़कर कब्जा किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और क्षेत्राधिकारी शाहगंज की संयुक्त टीम गठित कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। सिधाई निवासी सिकंदर यादव ने राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने की मांग की, जिस पर जिला पूर्ति निरीक्षक को पात्रता की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

    ग्राम सुरिश निवासी शंभूनाथ सहित ग्रामीणों ने जर्जर विद्युत पोल हटाकर नए पोल लगाने की मांग की। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

    समाधान दिवस में भूमि विवाद से जुड़े अधिक मामले आने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निस्तारण नियमानुसार और मेरिट के आधार पर करने को कहा। धारा-24 के तहत तीन से पांच वर्ष से लंबित पुराने वादों का शत-प्रतिशत निस्तारण तथा धारा-116 और धारा-34 के मामलों की लंबितता समाप्त करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने निर्विवाद वरासत के मामलों को निर्धारित समय सीमा में दर्ज करने तथा आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बरसात से खराब सड़कों को तत्काल मोटरेबल कराने और बारिश के बाद शीघ्र ब्लैक टॉप कराने के निर्देश भी दिए।

    सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 189 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उप जिलाधिकारी शाहगंज अंकुर वर्मा, क्षेत्राधिकारी शाहगंज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *