
आठवीं की छात्रा रागिनी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन

बाढ़ नियंत्रण व जल संचयन प्रोजेक्ट की बेहतर प्रस्तुति पर मिली सफलता, प्रबंधक ने भेंट की साइकिल
खुटहन (जौनपुर)। सिटी इंटरनेशनल स्कूल पिलकिछा की कक्षा आठ की छात्रा रागिनी निषाद ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
तीन नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता का परिणाम रविवार को घोषित हुआ। रागिनी ने बाढ़ नियंत्रण एवं जल संचयन पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसे निर्णायकों ने खूब सराहा। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रबंधक राजीव यादव ने रागिनी को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रा का उत्साह बढ़ाने के लिए उसे साइकिल भेंट की। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी रागिनी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








