
पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने फहराया पुलिस ध्वज

पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का दिलाया संकल्प
जौनपुर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन क्वार्टर गार्द पर विधिवत पुलिस ध्वज फहराया और उसे सम्मानपूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा, शौर्य, अनुशासन, त्याग एवं बलिदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी पुलिसकर्मी इसके लिए सदैव तत्पर रहें और विभाग की गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनाए रखें।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








